Monday, July 1, 2013

यह नोज़ रिंग का जादू है

यह नोज़ रिंग का जादू है

नाक में चमचमाती नगों से जड़ी नोज़ रिंग और नोज़ पिन खास लुक तो देती ही है, साथ ही अपनी परंपरा को भी बनाए रखने का अहसास कराती है। भारत में नथ सुहाग और सौभाग्य का प्रतीक मानी जाती है। नोज़ रिंग यानी नथ के बिना दुल्हन का श्रृंगार अधूरा माना जाता है। नोज़ रिंग से एक औरत का रूप खिल आता है।


नोज़ रिंग आजकल फैशन में है और सबके सिर चढ़कर बोल रहा है इसी का जादू। युवा लड़कियों में तो नोज़ रिंग का क्रेज़ बढ़ता ही जा रहा है। लड़कियों की खूबसूरती में चार चांद जो लगा देती हैं ये स्टाइलिश नोज़ रिंग्स। कॉलेज गोइंग गर्ल्स में नोज़ रिंग पहनना स्टाइल स्टेटमेंट बन चुका है।  हालांकि पहले महिलाएं सिर्फ विवाह समारोहों के दौरान ही नोज़ रिंग्स पहनती थीं, लेकिन आजकल जिस लड़की को देखो नोज़ रिंग पहनने में लगी है। अब वे डिनर पार्टियों, पूल पार्टियों और यहां तक कि कार्पोरेट इवेंट्स में भी पहन रही हैं। मॉर्डनाइज़ेशन के युग में भी नथ और नोज़ रिंग को खूबसूरती बढ़ाने के लिए महिलाएं व युवतियां जरूरी मान रही हैं। सुहाग की निशानी के साथ-साथ लड़कियों का डिफरेंट स्टाइल स्टेटमेंट भी बन चुकी है नोज़ रिंग।

ये हैं ट्रैंड सैटर्स

फैशन के नए ट्रैंड्स सैट करने में बॉलीवुड एक्ट्रेसेज का भी बड़ा योगदान रहता है। वे जो कुछ भी नई चीज़ ट्राई करती हैं वही फैशन स्टेटमेंट और लेटेस्ट ट्रैंड बन जाता है। माधुरी दीक्षित ने भी अपनी कई फिल्मों में नोज़ रिंग पहन कर दर्शकों पर अपने हुस्न का जादू चलाया था। छम्मक छल्लो गीत में करीना कपूर ने जब मराठी नोज़ रिंग पहनी तो लड़कियों ने उसे कॉपी करने में जरा सी भी देर नहीं की। सोनाक्षी तो अपनी नोज़ रिंग को अपना लक मानती हैं।

66वें कांस इंटरनैशनल फिल्म फैस्टिवल में विद्या बालन और सोनम कपूर अपनी खूबसूरत नोज़ रिंग पहने इठलाती घूमती हुई लोगों का ध्यान बरबस ही अपनी ओर आकर्षित कर रहीं थीं। बॉलीवुड की ही तरह हॉलीवुड स्टार्स जैसे लेडी गागा, मिली साइरस और जैसिका बेल भी अपनी नाक में नोज़ रिंग पहन चुकी हैं। सैलिब्रेटीस से शुरू हुआ इस नोज़ रिंग का जादू अब किशोरियों और फैशनेबल युवतियों के सिर चढ़कर बोल रहा है।

फैशन आज भी है बरकरार

समय के साथ सब चीज़ों में बदलाव आया है, पर नोज़ रिंग के लिए लड़कियों का प्यार आज भी वैसे ही कायम है। दिखने में छोटी सी है नोज़ रिंग पर इसके जलवे बहुत बड़े हैं। आज भी सबको नोज़ रिंग पहनने का शौक भाता है। लड़कियों की फेवरिट एक्सैसरी भी नोज़ रिंग बन गई है। चांद की तरह चमचमाती नोज़ रिंग का लिश्कारा किसी की भी आंखों को चौंधिया सकता है। नोज़ रिंग न सिर्फ बोल्ड स्टाइल स्टेटमेंट बनाने में मदद करती है बल्कि आपके व्यक्तित्व में एक्स फैक्टर भी बढ़ाती है। डिज़ाइनर्स मानते हैं कि नोज़ एसैसरी का ट्रैंड कभी खत्म नहीं हो सकता है।

नाक में चमचमाती नगों से जड़ी नोज़ पिन खास लुक तो देती ही है, साथ ही अपनी परंपरा को भी बनाए रखने का अहसास कराती है। नोज़ रिंग साड़ी पर सबसे प्यारी लगती है। आप किस तरह की साड़ी पहन रही हैं नोज़ रिंग भी उसके अर्कोडिंग ही पहनी जाती है। चूंकि नोज़ रिंग पहन कर लड़कियां कूल दिखती हैं इसलिए वे इन्हें पारम्परिक परिधानों के अलावा वैस्टर्न वियर या फ्यूजन ड्रैसिज के साथ भी कैरी कर रही हैं। ये हर परिधान के साथ मैच हो जाती हैं।

नोज़ रिंग को आज फैशन वर्ल्ड में एक अलग पहचान मिल रही है, तभी तो ट्रैंड के तौर पर विदेशों में भी नोज़ रिंग का प्रचलन काफी बढ़ चुका है। पहले नोज़ रिंग बाईं ओर पहनी जाती थी पर अब यह परम्परा बदल रही है। लड़कियां अब दाईं तरफ नाक छिदवा कर इसे पहन रही हैं। जो लड़कियां नाक में छेद करवाने से डरती हैं उनके लिए बगैर छेद वाली नोज़ रिंग भी बाजार में उपलब्ध है।

इसलिए है बेहद खास

नोज़ रिंग यानी नथ पहनने की प्रथा बहुत पुरानी है। पारम्परिक नथ पहनने का रिवाज़ 16वीं शताब्दी में मिडल-ईस्ट देशों से शुरू हुआ जो मुगल काल में भारत में भी प्रसिद्ध हुआ। भारतीय संस्कृति और परम्परा में नोज़ रिंग को सुहाग और शादी से जोड़ कर देखा जाता है। शादी में तो नथ को ही स्पैशल माना जाता है। दुल्हन के गहनों का अहम हिस्सा होती है नथ। हिंदुओं में किसी भी धर्मिक उत्सव पर सुहागन द्वारा नथ ज़रूर पहनी जाती है। मुस्लिम समुदाय में लड़के वालों की तरफ से लड़की को कपड़े और गहनों के साथ नथ भी भेजी जाती है और निकाह की रस्म नथ पहनने के बाद ही अदा की जाती है।

पसंद अपनी-अपनी

बात जब हुस्न को निखारने की हो या पिया को इम्प्रैस करने की तो नोज़ रिंग महिलाओं की पहली पसंद है। अपने पार्टनर को रिझाने के लिए लड़कियां कई तरह के नोज़ पिन और नोज़ रिंग ट्राई करती हैं जिनसे उनका रूप खिल जाता है। लेकिन अक्सर वे कन्फ्यूज भी रहती हैं कि वे कौन-सी नोज़ रिंग पहनें कि उनका पति या ब्वॉयफ्रैंड उन पर फिदा हो जाए। नोज़ रिंग के मामले में सबकी अपनी अलग-अलग पसंद है अलग-अलग अंदाज है। अलग-अलग एजग्रुप के हिसाब से अब कई वैरायटी और डिज़ाइन में नोज़ रिंग व नोज़ पिन मार्किट में अवेलेबल हैं।

नोज़ रिंग: फैशनपरस्त लड़कियां स्टाइलिश नोज़ रिंग पसंद करती हैं। आज के फैशन ट्रैंड के अनुसार नोज़ रिंग के आकार भी बदल रहे हैं। न सिर्फ गोल बल्कि ज्योमैट्रिकल डिजाइंस में भी नोज़ रिंग्स आकर्षक दिखती हैं। एल, यू, ओवल शेप की नोज़ रिंग्स भी बाजार में मौजूद हैं। आध्यात्मिक मानसिकता वाली लड़कियां यंत्र, गणेश, त्रिशूल और किसी देवी या देवता की प्रतिमा के आकार की नोज़ रिंग चुन सकती हैं। नथ विद घुंघरू को भी लड़कियां खूब पसंद कर रही हैं। नथ पैटर्न की नोज़ रिंग में तीन-चार नगों की लड़ी जैसे डिजाइन भी आ रहे हैं, जो दिखने में नथ की तरह लगते हैं। लड़कियां पारम्परिक ट्राइबल ज्यूलरी से प्रेरित नोज़ रिंग प्रेफर कर रही हैं। ये नोज़ रिंग्स आकार में थोड़ी बड़ी होती हैं। ये आमतौर पर चांदी से बनाई जाती हैं। व्हाइट गोल्ड, पिंक गोल्ड या ऑक्सीडाइज्ड व प्लैटिनम की नोज़ रिंग के अलावा कुंदन, पोलकी, और डायमंड, रूबी, पन्ना व दूसरे कीमती स्टोंस से जडि़त नोज़ रिंग्स युवा लड़कियों में खासी लोकप्रिय हो रही हैं।

नोज़ पिन या लौंग: कई लड़कियां नोज़ रिंग की जगह नोज़ पिन या लौंग पहनती हैं। सिंपल लड़कियों को छोटी राउंड नोज़ पिन अच्छी लगती है। फिर यह चाहे गोल्ड में हो या डायमंड में। मल्टी कलर्ड स्टोंस की नोज़ पिन का फैशन सदाबहार है। फ्लॉवर शेप में मल्टीकलर नोज़ पिन का फैशन भी इन है। इसके अलावा स्टार, थ्री स्टोन, कैरी, पत्ती, हार्ट, हाफ मून, स्टार, बतख, चिडिय़ा, रोज जैसे कुदरत से प्रेरित डिजाइंस कॉलेज गोइंग गर्ल्स ज्यादा पसंद कर रही हैं।

डायमंड नोज़ पिन: डायमंड का स्टाइलिश नोज़ पिन होता तो है छोटा-सा, पर इसका लिश्कारा बहुत जबरदस्त होता है। तभी तो यह लड़कियों का सबसे फेवरिट है। डायमंड नोज़ पिन हर उम्र की महिलाओं का पसंदीदा है और हो भी क्यों ना, डायमंड लड़कियों का सबसे प्रिय जो है।

मराठी नथ: नोज़ रिंग पहनने का फैशन नया नहीं है। महाराष्ट्र की नथों में आम के आकार में पिरोया गया मोतियों का गुच्छा इसकी विशेषता है।

प्यार का हसीन तोहफा

कहते हैं प्यार को जताने का सबसे अच्छा माध्यम है कोई भावनाओं से भरपूर हसीन तोहफा। तभी तो नोज़ रिंग लड़कियों को अपनी जान से भी प्यारी होती है। आखिर यह उनके प्यार का नायाब तोहफा जो है। ऐसा इसलिए क्योंकि पति अक्सर शादी के समय इसे अपनी पत्नी को गिफ्ट करते हैं।
http://epaper.punjabkesari.in/magazine/news/28062013/page/5$

No comments:

Post a Comment