Thursday, March 21, 2013

सफेद पर खिलते होली के रंग

सफेद पर खिलते होली के रंग
होली रंगों का त्योहार है, लेकिन इस दिन सबसे अधिक मांग होती है सफेद कपड़ों की। इस दिन सबसे अधिक बिक्री सफेद कुर्तों की ही होती है। सफेद कपड़ों पर होली के रंग ज्यादा अच्छी तरह खिलते हैं, इसीलिए इनकी मांग सबसे अधिक होती है। होली के लिहाज से स्टाइलिस्ट और परफेक्ट ड्रेस पहनकर होली मनाने मजा ही कुछ और है...
 

होली के दिन जो भी  ड्रेस पहनो वो आप दोबारा शायद ही कभी पहन पाएं, पर इसके बावजूद भी होली के नज़दीक आते ही युवाओं और बच्चों में कपड़ों की खरीदारी का खासा उत्साह रहता है। आजकल आम लोगों में भी बॉलीवुड की तरह खास परिधानों में होली खेलने का चलन बढ़ रहा है। लोगों की इस बदली सोच के चलते अब होली पर भी स्पेशल ड्रेस पहनने का चलन बढ़ रहा है।

अगर आप होली के दिन सबसे जुदा नजर आना चाहती हैं तो कैरी कीजिए व्हाइट ड्रेस। सफेद कपड़ों में होली खेलना पारंपरिक भी माना जाता है। सफेद रंग शानदार लगता है, गरिमामय लगता है। सफेद रंग सबको भाता है, सब पर फबता है चाहे सैलिब्रिटीज पहन लें या फिर कोई आम आदमी। सफेद रंग सबको आकर्षित करता है और सब पर यह रंग आकर्षक लगता है।

कोशिश करें कि आप जो भी पहनें वह ट्रांसपेरेंट न हों। आपकी ड्रेस का मेटिरियल थोड़ा मोटा होना चाहिए ताकि रंगों से भीगने के बाद आप चीप न लगें। होली खेलने का मजा सफेद रंग के सूती वस्त्रों में ही है। हर साल होली के अवसर पर युवाओं को टार्गेट करके मार्किट में विशेषरूप से सफेद रंग का पायजामा-कुर्ता, सलवार-कुर्ता, शेरवानी इत्यादि लॉन्च की जाती हैं, जिन्हें युवा खूब पसंद करते हैं। होली से पहले सफेद कुर्तों की मांग में वृद्धि हो जाती है। महिलाएं आमतौर पर होली के दिन एक बार पहनने के लिए सफेद कुर्तों की मांग करती हैं, जबकि पुरुषों में इसकी मांग सबसे अधिक होती है।

सफेद रंग प्रतीक है शांति का, सद्भाव का, पवित्रता का और प्रेम का। होली भी प्रतीक है दोस्ती की, खुशियों की, प्रेम-प्यार बढ़ाने की। तभी तो सफेद रंग और होली का रिश्ता बहुत गहरा है। सफेद, ऐसा रंग जिस पर जो भी रंग चढ़ाओ चढ़ जाता है। उसे सजाता है, संवारता है, सुंदर बनता है। होली के रंग भी सफेद पर ही खिलते हैं, जबकि रंगीन कपड़ों पर रंग नहीं दिखते। सफेद कपड़ों में होली खेलने से कपड़ों पर कई प्रकार के रंग लग जाने से सफेद कपड़े रंगीन हो जाते हैं। ऐसे में सफेद कपड़ों का क्रेज़ और भी बढ़ जाता है। यही कारण है कि लड़कियां अपने लिए सफेद रंग का पार परिक सूट और लड़के सफेद कुर्ता पाजामा या पठानी सूट खासतौर पर खरीदते हैं।

होली के मौके पर पारंपरिक परिधान ही पहने जाएं तो बढिय़ा लगता है। लड़कियों के लिए सलवार कमीज या पजामी सूट एक अच्छा विकल्प हो सकता है। सफेद ग्राउंड पर प्रिंटेड कुर्ता भी क्लासिक लुक देगा। अगर आप थोड़ा मॉर्डन लुक चाहती हैं तो लैगिग्स के साथ लॉन्ग कुर्ती ट्राई कर सकती हैं या अनारकली स्टाइल में कॉटन का सूट पहन सकती हैं। होली पर भांग पीकर कुछ लोग गलत हरकतें भी करने लगते हैं इसलिए बढिय़ा रहेगा यदि आप नेहरु कॉलर या हाई नैक का टॉप पहनें। आप सिंपल सूट पर जैकेट भी ट्राई कर सकती हैं। अगर आप भारतीय और पश्चिमी दोनों लुक चाहती हैं, तो मिक्स एंड मैच करके पहन सकती हैं। कलरफुल और प्रिंटेड पैंट्स अब भी फैशन में हैं। लड़कियां और लड़के दोनों इस लुक को ट्राई कर सकते हैं। किसी भी ब्राइट कलर की पैंट के साथ ढीली सी सफेद शर्ट या टी शर्ट पहन सकते हैं।

सफेद रंग के सूट के साथ आप हाथों में कलरफुल चूडिय़ां पहन सकती हैं। अपने बालों की चोटी बनाकर आप स्टाइलिश भी दिख सकती हैं और बालों को रंगों से होने वाले नुकसान से भी बचा सकती हैं। आप चाहें तो बालों को बांधने के लिए स्टोंस से सुसज्जित खूबसूरत क्लिप या रबरबैंड का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। सफेद रंग की ड्रेस के साथ हर तरह की एक्सेसरीज आसानी से मैच करती है। लेकिन होली पर एक्सेसरीज हल्की ही पहनें। ज्यादा भारी ज्यूलरी होली पर अच्छी नहीं लगती। लंबी बीड्स वाली माला गले में पहन सकती हैं और साथ में मैचिंग हैंगिंग इयररिंग्स आपकी लुक्स को कॉम्पलीमेंट करेंगे। सफेद के साथ सिल्वर या ऑक्सीडाइज्ड सिल्वर ज्यूलरी भी बढिय़ा दिखती है।

पुरुषों के लिए धोती कुर्ता, कुर्ता-पायजामा से अच्छा विकल्प कोई दूसरा नहीं है। लड़के सफेद कुर्ते के साथ काले रंग की जैकेट को ट्राई करें, ये पारंपरिक के साथ ही स्मार्ट सेंस भी दिखाता है। आप भी अपने बालों को कवर करने के लिए कैप कैरी कर सकते हैं। इससे आपकी लुक भी अच्छी लगेगी और आप रंगों से होने वाले नुकसान से भी बच जाएंगे।

No comments:

Post a Comment