Wednesday, September 16, 2015

पैंसिल स्कर्ट से फैमिनिन और ग्रेसफुल लुक

रॉकिंग स्टाइल बना पैंसिल स्कर्ट

खुद को स्टाइलिश और फैशनेबल दिखने बात हो तो गर्ल्स किसी से पीछे नहीं रहती हैं। ट्रैंड को फॉलो करना और फ्रैश लुक की चाहत उन्हें फैशन जगत में एक्टिव रखते हैं। लेकिन कुछ क्लासिक चीज़ें ऐसी हैं जिन्हें आप ट्रैंडी चीज़ों के साथ पेयर करके चुलबुली, हॉट और रॉकिंग दिख सकती हैं। पैंसिल स्कर्ट्स इनमें से एक है। क्लासिकल पैंसिल स्कर्ट के बगैर आपकी रैट्रो वार्डरॉब अधूरी है। पैंसिल स्कर्ट्स बेहद स्टाइलिश, सैक्सी और वर्सेटाइल हैं। 
  
पैंसिल स्कर्ट से फैमिनिन और ग्रेसफुल लुक आता है। यह आपको स्मार्ट, ट्रैंडी और एलीगेंट बनाती है। इसकी बैक स्लिट से आपकी चाल भी ग्रेसफुल हो जाती है। स्लिम फिट आपके घुटनों को बांधे रखती है। हालांकि ज्यादातर बॉडी टाइप्स पर पैंसिल स्कर्ट्स सूट करती हैं और कर्व्ज़ को उभारती है, लेकिन यह स्लिम युवतियों पर  ज्यादा फबती हैं। थोड़ी लूज फिटिंग वाली नी लैंथ की पैसिल स्कर्ट ब्रॉड फ्रेम वालों पर भी खूब जंचती है। 

पैंसिल स्कर्ट बेहद वर्सटाइल भी है। अपनी मनपसंद टॉप के साथ इसे पेयर करके आप अपने लुक को रॉक कर सकती हैंं। वर्क प्लेस पर यह स्कर्ट प्रोफैशनल लुक देती है तो पार्टी में भी खूब फबती है। ऑफिस वेयर में प्लेन पैंसिल स्कर्ट अच्छी लगती है, जबकि कैजुअल ड्रैस के तौर पर प्रिंटेड, स्ट्राइप्स वाली और कलरफुल स्कर्ट्स खूबसूरत दिखती हैं। इसका मोटा फैब्रिक और फिटिंग आपको अॉफिस में कॉन्फिडेंट बनाती हैं और नैट या सिल्क फैब्रिक पार्टी में स्मार्ट लुक देती हैं। सेलिब्रिटीज भी आजकल इस ट्रैंड पर मोहित नजर आ रही हैं। 

आप पैंसिल स्कर्ट को कई तरह से पहन सकती हैं, जरूरत है बस आपकी एक क्रिएटिव नज़र की। डिफरैंट टॉप्स के साथ इस स्कर्ट-लुक को आप और भी कमाल का बना सकती हैं।​ इसे आप फिटेड या फिर लूज़ सिंपल व्हाइट शर्ट के साथ पहन सकती हैं। इससे आपको ग्लैमरस लुक के साथ-साथ एक प्रोफेशनल लुक भी मिलेगा। प्रिंटेड टीशर्ट के साथ भी यह कमाल का कॉम्बीनेशन है। 

क्रॉप टॉप या फिटेड वेस्ट के साथ पेयर करके आप बेहद स्टालइलिश दिख सकती हैं। बलून स्टाइल टॉप के साथ आप चुलबुली अंदाज में नज़र आएंगी। ब्लाउज़ और कुर्ते के साथ पेयर किया जा सकता है। इसमें स्टाइल एड करने के लिए आप बैल्ट पहन सकती हैं। यह पार्टी वेयर होने के साथ ही एक फ्यूज़न एलिमेंट के साथ आपको कैज़ुअल लुक भी देता है। टक किए हुए शर्ट के साथ भी पैंसिल स्कर्ट कमाल का लुक देती है।  

सही स्टाइलिंग और एक्सैसरीज़ से आप खुद को सोफिस्टिकेटिड लुक दे सकती हैं।थोड़ा मॉडर्न और फैशनेबल लुक चाहती हैं तो इस पर बैल्ट पहनें। इसे आप हाई हील्स और स्मार्ट टोट बैग के साथ पेयर करके अपने लुक से हर किसी को लाजवाब कर सकती हैं। सर्दियों में जैकेट, टाइट्स और बूट्स की पेयरिंग पैंसिल स्कर्ट  के साथ खूब जंचेगी और गर्मियों में क्रॉप टॉप के साथ पेयर करते हुए इसके साथ स्ट्रैप वाले सैंडल्स पहनें।

Tuesday, September 15, 2015

ब्यूटी प्रॉडक्ट्स को वेस्ट होने से बचाएं

बढ़ाएं ब्यूटी प्रॉडक्ट्स की शैल्फ लाइफ

मेकअप किट सस्ता हो या महंगा उसको सालों साल चलाना आपके लिए खतरनाक साबित हो सकता है। मेकअप प्रोडक्ट्स से अजीब-सी गंध आने लगे, लिपस्टिक का कलर चेंज हो जाए या किसी प्रोडक्‍ट के इस्तेमाल से आपकी त्‍वचा पर रैश पड़ जाएं तो समझ लीजिए कि वह एक्सपायर हो चुका है। दरअसल, ब्यूटी प्रोडक्ट्स की एक एक्‍सपायरी डेट होती है और उसके बाद उनका बिल्‍कुल भी प्रयोग नहीं करना चाहिए। 

एक्सपायर्ड मेकअप प्रोडक्ट्स ऐसे बैक्टीरिया तथा विषैले तत्वों की जन्म स्थली बनते हैं जो न सिर्फ आपकी लुक बल्कि आपकी त्वचा को भी नुकसान पहुंचाते हैं।  कई बार आप अपने प्रोडक्‍ट को किस प्रकार से यूज करती हैं, उससे भी इनके एक्सपायरी डेट से पहले खराब होने का डर बना रहता है। आप अगर अपने ब्यूटी प्रोडक्ट्स को उसकी एक्सपायरी डेट तक ही इस्तेमाल करना चाहती हैं तो आपको इनकी केयर भी करनी पड़ेगी,  ताकि आप और आपके ब्यूटी प्रोडक्ट्स दोनों ही सुरक्षित रहें। 

  • लिक्विड फाउंडेशन को उंगली से निकालने की कोशिश न करें। जब आप बार-बार अपने ब्रश या फिंगर को लिक्विड फाउंडेशन में डिप करती हैं तो धीरे-धीरे उसमें बैक्टीरिया पैदा होने लगते हैं जो त्वचा में जलन और रैशेज पैदा करते हैं। हमेशा अपनी हथेलियों के बीच में ही निकालें।  फाउंडेशन वाले स्पॉन्ज को हर बार इस्तेमाल के बाद धोएं। जब यह फाउंडेशन पुराने हो जाते हैं, और एक्सपायरी के करीब आ जाते हैं तो तेल या नमी छोडने लगते हैं और पहले से अधिक गाढ़े हो जाते हैं।
  • लिपस्टिक को ठंडे स्थान पर रखें। होंठों पर लगाने के बाद लिपस्टिक की टिप को अपनी साफ उंगली पर एक बार घुमाएं जैसे पोंछते है। फिर बंद करें। लिपस्टिक में वॉटर कंटेंट होने के कारण कुछ समय बाद उसमें सूक्ष्म बैक्टीरिया पनपने शुरू हो जाते हैं। इससे होठों पर संक्रमण हो सकता है। लिपस्टिक लगाने के लिए लिप ब्रश का इस्तेमाल करें। ब्रश को कॉटन बोल से साफ कर लें। पेंसिल लिपलाइनर का इस्‍तेमाल आप लम्बे समय तक कर सकती हैं क्‍योंकि इस्तेमाल से पहले शार्पनर से शार्प करने से पुरानी सतह निकल जाने से वह फिर से नई जैसी हो जाती है।
  • आईशैडो को उसमें दिए गए ब्रश से प्रयोग करें। उंगली का प्रयोग न करे। ब्रश महीने भर बाद बदल दें। आई लाइनर को देर तक खुला न रखें। न ही अपना मस्कारा किसी दूसरे को इस्तेमाल करने दें। अन्यथा इन्फैक्शन होने का डर रहता है। आमतौर पर मस्कारा का ट्यूब डार्क होता है। गीले वातावरण के कारण इनमें बैक्टीरिया आसानी से पनपने लगते हैं। सिर्फ प्रिजर्वेटिव मस्कारा ही लम्बे समय तक चल पाता हैं। साथ ही मस्कारा लगाने के लिए ब्रश बार-बार हवा के सम्पर्क में आता है। इस कारण उसकी नमी भी सूखने लगती है। 
  • फेस क्रीम और लोशंस में विटमिन ए,सी और ई के तत्व होते हैं। जब इनकी बॉटल को इस्तेमाल करने के लिए बार-बार खोला जाता है तो हवा के संपर्क में आने पर अपना असर खो देते है। इसलिए इस्तेमाल के तुरंत बाद इन्हे ठीक से बंद करना न भूलें। इन्हें इस्तेमाल करने से पहले अपने हाथों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। अगर आपके पास क्रीम का बड़ा जार है तो अपनी जरूरत भर की क्रीम एक छोटे कंटेनर में निकाल लें। निकालने के लिए स्टेरेलाइज स्पैटुला का प्रयोग करें।
  • नेल पॉलिश को आप एक या दो साल तक इस्‍तेमाल कर सकती हैं। अपने नाखूनों को नुकसान से बचाने के लिए इसके बाद इसका इस्‍तेमाल बंद कर देना चाहिए। जब नेलपॉलिश एक्सपायर हो जाती है तो वह स्‍मूथ और बराबर तरीके से नहीं लगती है।  साथ ही इसकी गंध भी बदल जाती है।  
  • एक्सपायर्ड कॉम्पैक्ट पाउडर के प्रयोग से चेहरे पर दाग-धब्बे पड़ जाते हैं। इसके अलावा चेहरे पर दाने निकलना, त्वचा का लाल हो जाना और एलर्जी की समस्या भी हो सकती है। पाउडर की शैल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए हर बार इस्तेमाल के बाद अपने मेकअप ब्रश को धोना न भूलें।

एक्सपायरी डेट्स 

लिक्‍विड फाउंडेशनः 6 महीने 
 
लिपस्टिक: 8 महीने 
 
पाउडर मेकअप: 1 साल 
 
मस्‍कारा: 2-3 महीने 
 
आईशैडो, आई लाइनर: 6 महीने 
 
कंसीलर : 3 महीने

फेस क्रीम एंड लोशंसः 6 महीने

टोनर एंड एसेंसः1 साल

फैशन की शोखियों को अपनी अदाओं में करें शामिल

अगर आप स्टाइलिश दिखना चाहती हैं तो सिर्फ खूबसूरत ड्रैस और मेकअप ही काफी नहीं है, आपको फुटवियर्स के ट्रैंड्स पर भी अपनी पैनी नज़र रखनी होगी। आजकल कलरफुल और बोल्ड लुक वाले स्मार्ट, स्टाइलिश, ट्रैंडी फ्लोरल हाई हील्स ट्रैंड में हैं। हाई हील्स स्टाइलिश आउटफिट्स के स्मार्ट लुक को ग्लैमरस लुक में तब्दील करती है। इसीलिए फैशन कांशस वुमंस की ये पहली पसंद बन गई हैं। लुई वितां, शैनल, गुच्ची, जिम्मी चू जैसे बड़़े ब्रांड्स ने रेड, ब्लू, पिंक, यलो, रेड, ग्रीन इत्यादि खूबसूरत कलर्स में फ्लोरल प्रिंट्स में हाई हील सैंडल्स पेश की हैं। 

कॉंफिडेंट एंड स्टाइलिश लुक

हाई हील्स आपको कॉंफिडेंट व स्टाइलिश लुक देती हैं। आपकी स्मार्टनैस को  निखारती हैं। चाल को एक अलग अंदाज देती हैं। ट्यूनिक्स, स्कर्ट और वनपीस जैसी कूल समर स्टाइलिश आउटफिट्स के साथ हाई हील्स परफैक्ट कांबिनेशन हैं। हील्स का एक और उपयोग यह भी है कि अगर आपकी हाइट थोड़ी कम है तो आप हील्स पहनकर अपनी हाइट को बढ़ा सकती हैं। हाई हील पहनने से आप लंबी तो लगती ही हैं और साथ ही फिगर स्लिम प्रतीत होता है। जब मिरर में खुद को देखकर आपको खुद पर ही प्यार आने लगे तो यकीनन आत्मविश्वास भी बढ़ता है। 

मोर कंफर्टेबल विद स्टाइल 

हाई हील्स को कैरी करना आसान नहीं होता। आज के युग में अगर आपको हील्स पहनकर चलना नहीं आता तो आप कहीं-ना-कहीं दुनिया की इस चकाचौंध से दूर रह जाएंगी। हील्स पहनना कोई बड़ी कामयाबी नहीं लेकिन हां, हील्स लड़कियों की सुंदरता में चार चांद लगा देती हैं। ध्यान रखें जब हाई हील्स पहनें तो जितना हो सके अपने हिप्स और नीज को रिलैक्स रखें। संतुलन बनाए रखने के लिए वॉक करते समय पहले हील फिर टो को जमीन पर रखें। शोल्डर्स को पीछे की तरफ रखें। चलने की यह ट्रिक आपकी हील्स को बनाएगी ज्यादा कंफर्टेबल और स्टाइलिश।

सही फुटवेयर करें सिलेक्ट 

1. हाई हील्स पहनने की शौकीन हैं तो एक ही हील्स हर रोज पहनने की बजाय बदल-बदल कर हील्स पहनें, इससे आपके पैरों को आराम मिलेगा। 
2. रोजाना हील्स पहनती हैं तो इनकी ऊंचाई ढाई इंच से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
3. पैंसिल हील से पैरों में दर्द होने लगता है। इसलिए चौडी हील्स खरीदें, इससे पैरों पर कम दबाव पड़ता है।
4 जूतों का साइज़ गलत होने से इन्हें पहनने में दिक्कत होती है, इसलिए इनकी शॉपिंग शाम के वक्त ही करें।
5. जूतों को कमरे के तापमान पर ही सूखने दें। इन्हें अलग से धूप दिखाने की जरूरत नहीं है।

Friday, September 4, 2015

ब्राइडल डिजाइनिंग को सबसे अजीज मानती हैं नीता लुल्ला

ब्राइट वाइब्रैंट कलर्स की वैडिंग ड्रैस में दिखें अल्ट्रा क्लासिक
नीता लुल्ला भारत के उन चुनिंदा डिजाइनरों में से हैं, जिन्होंने भारतीय फैशन को ग्लोबल मैप पर पहचान दिलाई है। बॉलीवुड हो या रैंप, नीता ने अपनी डिजाइनिंग से दुनियाभर में धाक जमाई है। नीता ऎसे आउटफिट्स डिज़ाइन करती हैं, जो अपने देश और संस्कृति को पेश करते हैं। नीता अपनी ड्रैसिस के लिए हमेशा स्टाइलिश प्रीमियम मैटिरियल का चुनाव करती हैं और फिर उन्हें एथनिक डिज़ाइंस से सजाती हैं। नीता को फैशन और स्टाइल के लिए कई नैशनल और इंटरनैशनल अवार्ड मिल चुके हैं। उन्हें ‘लम्हे’, ‘देवदास’, ‘बालगंधर्व’ और ‘जोधा अकबर’ के लिए भारत के राष्ट्रपति से चार बार बैस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग के लिए नैशनल फिल्म अवार्ड मिल चुका है। 

हिंदी फिल्म जगत की जिन खास हीरोइनों ने नीता की डिजाइन की पोशाकों से अपनी अलग छवि बनाई, वे हैं श्रीदेवी, ऐश्वर्या राय बच्चन, हेमा मालिनी, अमीषा पटेल, जूही चावला, दिया मिर्ज़ा, करीना कपूर खान, सुष्मिता सेन, शिल्पा शेट्टी, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा आदि, लेकिन खुद नीता के लिए श्रीदेवी उनकी प्रेरणा हैं। वह श्रीदेवी और हेमा मालिनी को सबसे स्टाइलिश हस्तियां मानती हैं। रजनीकांत, शहरुख खान, आमिर खान, रितिक रोशन आदि ने भी नीता की डिजाइन की पोशाकें फिल्मों में पहनी हैंं।  

नीता लगभग दो दशक से बॉलीवुड से जुड़ी हैं। नीता ने अपने करियर की शुरुआत प्रसिद्ध फैशन कोरियोग्राफर जैन नौरोजी के साथ की थी। नीता कहती हैं कि वह कभी फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा नहीं बनना चाहती थीं, बल्कि फैशन कोरियोग्राफर बनना चाहती थीं। उन की पहली फिल्म ‘तमाशा’ थी। इस के बाद वे कामयाबी की सीढि़यां चढ़ती गईं। इस दौरान उन्होंने 350 से भी अधिक फिल्मों के लिए परिधान तैयार किए हैं। ‘चांदनी’, ‘लम्हे’, ‘खलनायक’, ‘रूप की रानी चोरों का राजा’, ‘ताल’, ‘किसना’, ‘डर’, ‘आईना’, ‘खुदा गवाह’, ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘देवदास’, ‘जोधा अकबर’ आदि कई सुपरहिट फिल्मों के लिए नीता परिधान तैयार कर चुकीं हैं। 

फैशन इंडस्ट्री के बदलते हर ट्रेंड की गवाह नीता, ब्राइडल डिजाइनिंग को सबसे अजीज मानती हैं। नीता ब्राइडल वियर की पायोनियर रहीं हैं। नीता को दुल्हन का सोलह श्रृंगार भारतीय संस्कृति की सबसे खूबसूरत चीजों में से एक लगता है। ब्राइडल वियर की डिजाइनिंग में दिमाग से नहीं दिल से सोचना होता है। शायद इसी सोच का नतीजा है, जो नीता के ब्राइडल वियर के दिवाने भारत में ही नहीं बल्कि विश्व भर में है। 

नीता का मानना है कि ब्राइट और वाइब्रैंट कलर्स की वैडिंग ड्रैसिस अल्ट्रा क्लासिक, शानदार और आकर्षक दिखती हैं। उनकी ब्राइडल रेंज की शुरूआत 2 लाख से शुरू होकर 15 लाख तक जाती है। उनकी वैडिंग ड्रैस कलैक्शन में आपको लहंगा चोली, साड़ियां, अनारकली ड्रैसिस, लॉन्ग शर्ट्स और दूसरे आउटफिट्स मिल जाएंगे। ब्राइडल शॉपिंग टिप्स देते हुए वह कहती हैं कि कपड़ों से पहले ज्वेलरी खरीदनी चाहिए।

आशुतोष गोवारिकर की फिल्म 'खेलें हम जी जान से' के लिए परिधान तैयार कर रही हैं। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में हैं। सिंधु घाटी सभ्यता के दौर की फिल्म ‘‘मोहनजोदडो’’ में रितिक रोशन को नया लुक देने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। नीता कहती हैं, “सही लुक के लिए काफी शोध करना पड़ता है, खासतौर से सही कपड़े के साथ रंगों और इसकी चमक और कढ़ाई के विवरण में काफी खोजबीन करनी पड़ती है।”

Classic look with the Modern edge

क्लासिक लुक विद द मॉर्डन एज

फैशन डिज़ाइनर राघवेंद्र राठौर पुरुषों के लिये एक से बढ़कर ए‍क कपड़े डिजाइन करते हैं। मेंसवियर के लिए उनका सिगनेचर लुक है-  क्लासिक लुक विद द मॉर्डन एज। राघवेंद्र का संबंध जोधपुर के राज परिवार से है। 1200 वर्षों के बहुमूल्य पारिवारिक इतिहास, संस्कृति और विरासत उनके काम में प्रेरणा का स्रोत है। उनके डिजाइनर संग्रह में हमेशा ही राजस्थान की पुरानी भव्य संस्कृति की झलक दिखाई देती है। कंटैम्परेरी डिज़ाइनिंग उनके स्टाइल का मूल मंत्र है।

राघवेंद्र ने पारम्परिक बंदगला और जोधपुर की शॉर्ट पैंट को विश्व मानचित्र पर जगह दिलाई। वह डिज़ाइनिंग में बदलाव के लिए जाने जाते हैं। जोधपुर बंदगला जैकेट के कायाकल्प और क्लासिक बंदगला सूट के नए कट ने उन्हें भारतीय फैशन इतिहास में सम्मानजनक स्थान दिला दिया। फोर्ब्स के सर्वे के अनुसार फॉर्मल और सैमी फॉर्मल अवसरों के लिए बंदगला सबसे उत्कृष्ट अॉप्शन है। राघवेंद्र का इन दोनों स्टाइल्स पर कॉपीराइट है। उन्होंने धोती को भी फैशनेबल और स्टाइलिश अंदाज में पेश करके उसे एक खास मुकाम दिलाया है। 

कुछ साल पहले तक फैशन बाजार में पूरी तरह वूमेंस वियर का बोलबाला था, लेकिन अब ट्रैंड बदल रहा है। राघवेंद्र मेंसवेयर को फैशन का उपेक्षित कज़िन मानते हुए कहते हैं कि इसे हमेशा लास्ट सीट मिलती है। वह कहते हैं, ‘भारत में मेंसवियर का बड़ा बाज़ार है लेकिन फैशन वीक या ग्लॉसी फैशन मैगजीन में इस पर चर्चा नहीं होती।‘ 

पारंपरिक परवरिश और न्यू यॉर्क में पर्संस स्कूल अॉफ डिजाइन ने उन्हें प्रसिद्ध डिज़ाइनर बनाने में अहम भूमिका निभाई। राघवेंद्र बताते हैं कि इलैक्ट्रॉनिक्स एंड रोबोटिक्स में हायर स्टडीज़ के लिए हैमिस्फेयर कॉलेज जाने से पहले उनकी  लाइफ में कोई ग्लैमर नहीं था। तब तक उन्होंने मुश्किल से तीन इंग्लिश फिल्में देखी थीं। सिर्फ एक घंटा टीवी देखने की इजाजत थी। फैशन इंडस्ट्री तक कतई पहुंच नहीं थी। 

1994 में राघवेंद्र ने जोधपुर से ‘राठौड़ जोधपुर‘ के नाम से अपना ब्रैंड शुरू किया। नई दिल्ली, हांग कांग, ग्रीस, मुंबई, कोलकाता और गोवा में इनके रिटेल स्टोर्स हैं।  उन्होंने हाल ही में रैडी टू वियर ब्रांड ‘द इम्पीरियल इंडिया कंपनी‘ के नाम से लॉन्च किया है। टैक्सटाइल्स डिज़ाइंस और सूट्स के लिए वह एस. कुमार्स के साथ जुड़े हैं। हालांकि आमतौर पर उनकी कलैक्शन का आधार देशभर के बुनकरों द्वारा बुने पारम्परिक हैंडलूम फैब्रिक होते हैं। उनकी कलैक्शन में अॉलिव, मस्टर्ड, कोबाल्ट ब्ल्यू, ब्लैक और व्हाइट के अलावा कुछ यूनीक कलर कॉम्बीनेशंस में ट्रैडिशनल लॉन्ग कुर्ता, बंदगला और जैकेट्स, पैंट्स, फॉर्मल सूट्स, शर्ट्स, काफ्तान और स्कर्ट्स हैं।

राघवेंद्र राठौर बहुमुखी प्रतिभा से सम्पन्न डिज़ाइनर हैं। विभिन्न विषयों पर उनकी जानकारी उनके डिज़ाइंस में झलकती है। उन्होंने 2010 में तनिष्क की ज़ोआ डायमंड बुटीक गोल्ड अॉफ नारलाई के लिए भी एक कलैक्शन डिज़ाइन की। इसमें कुंदन और पोल्की में ब्रैसलेट, ईयरिंग्स, नेकलेस और पेंडेंट्स हैं। उन्होंने यूनिफॉर्मस, फर्नीचर और चॉकलेट्स भी डिज़ाइन की हैं।एक ही वक्त में इतने सारे काम वह कैसे कर लेते हैं, इस पर उनका सीधा सा जवाब होता है, ‘क्रिएटिविटी चीनी के समान है। यह आप पर निर्भर करता है कि अाप इससे गुलाब जामुन बना लो या पेस्ट्री।‘

उन्होंने विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म ‘एकलव्य‘ समेत कई फिल्मों में बॉलीवुड सेलिब्रिटीज़ के लिए वार्डरॉब्स डिज़ाइन कर चुके हैं। फिल्म ‘खूबसूरत‘ में पाकिस्तानी एक्टर फवाद अफज़ल खान को सॉबर लुक देने वाले राघवेंद्र ही थे। फिल्म में युवा राजपूत युवराज का किरदार निभाने वाले फवाद को राघवेंद्र ने जोधपुरी बंदगला पहनाया है। इससे पहले वह सैफ अली खान और अमिताभ बच्चन को भी स्टाइल कर चुके हैं। गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति‘ के पहले सीज़न के लिए अमिताभ बच्चन के कॉस्च्यूम भी राघवेंद्र ने ही डिज़ाइन किए थे। 

Wednesday, September 2, 2015

बोल्ड प्रिंट्स और सॉलिड कलर्स वाला इंडियन और मॉडर्न फैशन का संगम

इंडियन और वैस्टर्न फैशन का फ्यूजन है यह

बॉलीवुड की बेहतरीन एक्ट्रेस नीना गुप्ता और महान क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स की बेटी हैं मसाबा गुप्ता। सितंबर 2009 में लक्मे फैशन वीक में अपनी उपस्थिति दर्ज करने वाली मसाबा गुप्ता सबसे युवा फैशन डिज़ाइनर बनीं। यहां उन्हें इंटरनैशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन डिज़ाइनिंग की ओर से 'मोस्ट प्रॉमिसिंग डिज़ाइनर' का अवॉर्ड मिला, जिस ने मसाबा के लिए फैशन डिजाइनिंग में कामयाबी के दरवाजे खोल दिए। बोल्ड प्रिंट्स और सॉलिड कलर्स वाला इनका पहला कलैक्शन जबरदस्त हिट रहा। इसने उन्हें फैशन की दुनिया में एक झटके में पहचान दिला दी। 

2011 में मसाबा को फैशन जगत में इंटरनैशनल लैवल पर पहचान मिली जब कांस फिल्म फैस्टिवल में सोनम ने उनकी डिजाइन की हुई पोल्का डॉट्स वाली साड़ी पहनी। मसाबा की डिज़ाइनिंग में इंडियन और मॉडर्न फैशन का संगम है। वह साडि़यों के कई कलैक्शन लॉन्च कर चुकी हैं। वह भारतीय महिलाओं को ध्यान में रख कर ही अपना कलैक्शन तैयार करती हैं। इंडियन और वैस्टर्न फैशन का फ्यूजन पेश करने में माहिर मसाबा खुद सादगी से रहना पसंद करती हैं। साड़ी उनका मनपसंद पहनावा है।

मसाबा कहती हैं कि उनके पेरेंट्स ने कभी उन पर प्रोफेशन को लेकर कोई दबाव नहीं डाला। कभी टैनिस खिलाड़ी, कभी डांसर तो कभी संगीतकार बनने की मंशा रखने वाली मसाबा को आखिर फैशन डिजाइनिंग से पहचान मिली। ग्लैमर इंडस्ट्री से ताल्लुक रखने वाली मसाबा अनोखे डिज़ाइंस क्रिएट करने के लिए जानी जाती हैं। उनके डिज़ाइन परम्परागत नियमों को तोड़ती हुए नज़र आते हैं। उनके डिज़ाइंस में कई तरह के अटपटे करैक्टर्ज़ होते हैं। यही कारण रहा कि  2012 में मसाबा सत्या पॉल की साड़ियों को अनोखे ट्विस्ट देने के लिए उनकी क्रिएटिव डायरैक्टर बन गईं।

इंस्टाग्राम पर अपनी स्प्रिंग-समर कलैक्शन डैब्यू करने वाली पहली भारतीय डिज़ाइनर बन गईं। मसाबा ने मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में हुए 16वें इंटरनैशनल इंडियन फिल्म एकैडमी (आईफा) के लिए एक खास परिधान संग्रह भी तैयार किया था, जो आईफा की सुनहरी एवं काली ट्रॉफी से प्रेरित है। वूमेंस इंटरनैशनल क्रिकेट लीग  (WICL) ने महिला क्रिकेट टीम की ड्रैस के डिज़ाइन और फैशन में ट्विस्ट लाने के लिए मसाबा को ही चुना था।

उन्होंने 2010 में अपना स्टोर शुरू किया और अपना ब्रांड 'मसाबा' के नाम से लांच कर दिया। फैब्रिक के बारे में मसाबा की च्वाइस स्कूबा, सैटिन, जर्सी और क्रेप है।उनकी कस्टरमर लिस्ट में अभिनेत्री सोनम कपूर, जैकलीन फर्नाडीज, मंदिरा बेदी शामिल हैं। जब से मसाबा कंगना रनाउत, शिल्पा शैट्टी और करीना कपूर इत्यादि सेलिब्रिटीज़ की फेवरिट बनी हैं, तब से ये सभी इनकी ही डिज़ाइन की गई साड़ियां पहनती हैं।  

मसाबा मानती हैं कि आम लोग फैशन को ले कर काफी कन्फ्यूज़ होते हैं। वे बॉलीवुड के पहनावे को ही फैशन समझ कर आंख मूंद कर उसकी नकल करने की कोशिश करते हैं। हिंदी फिल्मों ने फैशन को आम लोगोंं तक पहुंचा दिया है। मसाबा ऐश्वर्य राय बच्चन और काजोल को स्टाइल करना चाहती है। इसके अलावा करण जौहर भी मसाबा की विश लिस्ट में शामिल हैं जिन्हें वह स्टाइल करना चाहती हैं।

मसाबा कहती हैं, कम हाइट के लोगों को हॉरिजैंटल टाइप की ड्रैस पहननी चाहिए। ज्यादा मोटे लोगों को यह ध्यान रखना चाहिए कि वे डार्क और ज्यादा प्रिंटेड कलर न पहनें। इससे उनका शरीर और ज्यादा हाईलाइट हो जाता है। मोटे लोगों को हैवी कपड़े पहनने से भी परहेज़ करना चाहिए। दुबले-पतले लोगों को ढीले कपड़े पहनने के बजाय स्मार्ट फिटिंग वाली ड्रैस पहननी चाहिए।

फैशन के चलन और उस में बदलाव के बारे में मसाबा का मानना है कि कोई भी फैशन कभी पुराना नहीं होता है। कुछ समय बाद वह दोबारा आता है। मिसाल के तौर पर कुछ साल पहले बैलबॉटम को आउट अॉफ फैशन करार दे दिया गया था, पर वह फिर से फैशन में आ रहा है। फैशन एक सर्किल की तरह होता है, जो तय समय के बाद वापसी करता है। अब 80 और 90 के दशक का रैट्रो फैशन दोबारा फैशन के दरवाज़े पर दस्तक दे रहा है।

Tuesday, September 1, 2015

कश्मीर के मुगल गार्डंस से इंस्पायर है अनारकली

कश्मीर के मुगल गार्डंस से इंस्पायर है अनारकली 

अपने उत्कृष्ट डिज़ाइंस की बदौलत फैशन डिज़ाइनिंग की दुनिया में रोहित बल  ने एक सनसनी पैदा कर दी है। यह कहना गलत नहीं होगा कि फैशन इंडस्ट्री पर रोहित ने कई सालों तक राज किया। उनके द्वारा डिज़ाइन की गई पारम्परिक पोशाकों में  कन्टैंपरेरी टच होता है। उनकी डिज़ाइनिंग में भारतीयता की छाप हमेशा रहती है। वह भारतीय हैंडीक्राफ्ट तकनीक के इस्तेमाल से वैस्टर्न डिज़ाइन बनाने की कला में एक्सपर्ट हैं। रोहित बल ने जब से फैशन के साम्राज्य में अपने जादुई पैर रखे हैं, उनका स्टाइल मंत्र रहा है- कुछ नहीं से कुछ न कुछ बनाना।

1989 में जब रोहित ने पीटर ब्रुक द्वारा निर्देशित सीरियल ‘द महाभारत‘ देखा, तो उसमें अभिनेत्री मल्लिका साराभाई, जिसने द्रोपदी का किरदार निभाया था, की आउटफिट से बेहद प्रभावित हुए। इस तरह उनकी सिगनेचर अनारकली डिज़ाइन हुई। अनारकली का ओरिजन मुगल काल है, जोकि बेहद वैभवशाली था। लेकिन रोहित ने अपनी सुरुचिपूर्ण कल्पना से इसे आधुनिक रूप दिया। इनकी डिज़ाइन की गई अनारकली ड्रैस की लंबाई 50 से 65 इंच तक है। वह बाजुओं के डिज़ाइन पर भी काफी मेहनत करते हैं। उन्होंने अनारकली के साथ भी एक्सपेरिमेंट्स किए हैं। होरिज़ॉन्टल पैनल की बजाय इसे वर्टिकल बनाया है। यह डिज़ाइन है जलबे। 

रोहित महिलाओं और पुरुषों दोनों के लिए डिज़ाइन करते हैं। वह हमेशा प्योर फैब्रिक इस्तेमाल करते हैं- मसलिन, चंदेरी, चमुंडा सिल्क। इनोवेटिव और चटकीले डिज़ाइंस के लिए जाने जाते रोहित का पसंदीदा रंग है दूधिया यानि अॉफ व्हाइट। उनके सभी कलैक्शंस  अॉफ व्हाइट कलर से सराबोर होते हैं। कमल और मोर के मोटिफ्स को रोहित से बेहतर कोई भी इस्तेमाल नहीं कर सकता। BIBA by Rohit Bal के नाम से प्रीमियम एथनिक वियर कलैक्शन आप बीबा के एक्सकलूसिव स्टोर्स में देख सकते हैं जो देश के लगभग सभी बड़े शहरों में है। रोहित के डिज़ाइंस को आप Jabong से अॉनलाइन भी खरीद सकते हैं।

रोहित बल ने अपना करियर अपने भाई राजीव बल के साथ नई दिल्ली में 1986 में शुरू किया था और अपना पहला इंडीपैंडेंट कलैक्शन 1990 में लॉन्च किया। भारत के सबसे बड़े हैंडलूम टैक्सटाइल अॉप्रेशन खादी ग्रामोद्योग ने अपने साथ काम करने के लिए रोहित को चुना। 2006 में रोहित को इंडियन फैशन अवॉर्ड्स में ’डिज़ाइनर अ़ॉफ द ईयर’ अवॉर्ड से नवाज़ा गया। 2001 में किंगफिशर फैशन अचीवमेंट अवार्ड्स में भी उन्हें ’डिज़ाइनर अ़ॉफ द ईयर’ अवॉर्ड मिला। 2012 में वह ‘लेक्मे ग्रैंड फिनाले डिज़ाइनर’ चुने गए थे। उन्होंने ’कौन बनेगा करोड़पति’ गेम शो के लिए ड्रैस डिज़ाइनिंग की थी। 

फैशन डिज़ाइनर्स के लिए इंटरनैशनल ब्रैंड बन पाना बेहद मुश्किल है और उससे भी कठिन है एक भारतीय के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच पाना। लेकिन ओवरसीज़ मार्किट में रोहित बल सबसे प्रसिद्ध भारतीय फैशन डिज़ाइनरों में से एक हैं। उनकी फैन फॉलोइंग बहुत ज्यादा है। उनके डिज़ाइन हमेशा डिमांड में रहते हैं। दुनियाभर में रोहित के क्लाइंट्स की लंबी लिस्ट है। हॉलीवुड के बड़े सैलिब्रिटिज़ भी उनके डिज़ाइंस के दीवाने हैं, जिनमें कुछ खास है, उमा थर्मन, सिंडी क्राफोर्ड, पामेला एंडर्सन, नाओमी कैंपबैल और अन्ना कोर्नीकोवा शामिल हैं। 

अपनी लेटेस्ट कलैक्शन दिखाने के लिए रोहित देश-विदेश में अक्सर शो आयोजित करते रहते हैं। उनके मुंबई, बैंगलुरू, अहमदाबाद, कोलकाता और चेन्नई में फ्लैगशिप स्टोर्स हैं। ड्रैस डिज़ाइनिंग में बड़ी सफलता हासिल करने के बाद रोहित ने ज्यूलरी डिज़ाइनिंग भी शुरू कर दी है, जिसमें उन्हें काफी शोहरत भी मिल रही है।