Showing posts with label ब्राइडल ड्रैस. Show all posts
Showing posts with label ब्राइडल ड्रैस. Show all posts

Thursday, August 20, 2015

'सब्यसाची' रिश्तों और सपनों को बुनते हैं ब्राइडल ड्रैस में

फैशन और ग्लैमर में भारतीय परंपरा का मेल

फैशन डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी के परिधानों में भारतीय परंपरा का बेजोड़ मेल होता है, जिसकी बदौलत फैशन और ग्लैमर की दुनिया में इंटरनैशनल लैवल पर उनकी खास पहचान बनी है। वह भारत के ऐसे पहले डिजाइनर हैं, जिन्हें मिलान फैशन वीक में अपना कलेक्शन पेश करने के लिए विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया था। सब्यसाची ने 1999 में अपना परिधान ब्रांड सब्यासाची शुरू किया। 2001 में उन्हें फेमिना ब्रिटिश काउंसिल का मोस्ट 'आउटस्टैंडिंग यंग डिजाइनर अवॉर्ड' मिला। 

पूरी दुनिया में सब्यसाची के बनाए कपड़ों ने धूम मचाई हुई है। कपड़े बनाना उनके लिए सपने बुनने की तरह हैं। उनका कहना है, "कपड़ों के साथ हमारा एक रिश्ता होता हैं। वह आपकी पहचान से जुड़ा हैं। लोग मेरे कपड़े पसंद करते हैं क्योंकि मैं कपड़ों के साथ उन रिश्तों और सपनों को बुनता हूं। मेरा हमेशा से यह फलसफा रहा है कि अलग-अलग किस्म के लिबास और चलन आ-जा सकते हैं, लेकिन महिलाएं बस स्त्रियोचित, खूबसूरत और भव्य दिखना चाहती हैं।"

सब्यसाची बॉलीवुड और हॉलीवुड हीरोइनों के फेवरिट डिजाइनर हैं। वह विद्या बालन, तब्बू, रानी मुखर्जी, ऐश्वर्य राय, काजोल, श्रीदेवी, शबाना आजमी, सुष्मिता सेन, नेहा धूपिया, दीपिका पादुकोन, बिपाशा बासु और करीना कपूर सहित कई चर्चित बॉलीवुड अभिनेत्रियों के लिए परिधान डिजाइन कर चुके हैं। केंस के रैड कार्पेट पर विद्या बालन सब्यसाची द्वारा डिज़ाइन किए पारंपरिक लहंगा पहना था। लेडी गागा, रेनी जेल्वेगर और रीस विदरस्पून जैसी हॉलीवुड अभिनेत्रियां भी उनके डिज़ाइन किए गए परिधानों के जादू से बच नहीं पाईं। ब्लैक फिल्म से लेकर रावण, गुजारिश, पा और इंग्लिश-विंग्लिश की कॉस्ट्यूम सब्यसाची की ही कल्पना है।

सब्यसाची ने एनडीटीवी गुड टाइम्स चैनल पर "बैंड बाजा ब्राइड विद सब्यसाची" नामक एक रियल्टी शो किया, जिसके चलते वह लड़कियों के आइडियल ब्राइडल ड्रैस डिज़ाइनर बन गए। शादी पर सब्यसाची द्वारा डिजाइन ड्रैस पहनने का ख्वाब लगभग हर लड़की संजोने लगी। सब्यसाची मानते हैं कि शादी का दिन लड़की की जिंदगी का सबसे हसीन दिन इसलिए होता है, क्योंकि यह जिंदगी में सिर्फ एक बार आता है। इसलिए बहुत सोच कर वैडिंग ड्रैस का फैसला करना चाहिए। यह इनकी डिज़ाइन की हुई वैडिंग ड्रैसिस का जादू ही है कि अधिकतर बड़ी हीरोइनें इन्हीं की डिज़ाइन की हुई वैडिंग ड्रैस अपनी शादी पर पहनना चाहती हैं। रानी की शादी की पोशाक भी सब्यसाची ने ही तैयार की थी। 

सब्यसाची का खुद इस बारे में मानना है कि उनकी डिजाइन की गई वैडिंग ड्रैस दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह पर खूब फबेगी। उनका कहना है दीपिका पारंपरिक कांजीवरम और बनारसी साड़ियों में भी बेहद खूबसूरत दिखती हैं, जबकि रणवीर सिंह उनके द्वारा डिजाइन की गई वैडिंग ड्रैस में खूब जचेंगे। सब्यसाची के परिधानों को दीपिका भी बहुत पसंद करती हैं। शायद यही कारण है कि दीपिका भी खास मौकों पर इन्हीं के डिज़ाइन किए ड्रैसिस पहनना प्रैफर करती हैं।

भारतीय परंपरा में रची-बसी सब्यसाची की लेटेस्ट कलैक्शन में डॉमिनेटिंग कलर रैड है। यह कलैक्शन इतनी खूबसूरत है कि आप भी इसे खरीदना चाहेंगी। अगर आप यह कलैक्शन उनके मुंबई के स्टोर काला घोड़ा में खुद देखने जाने का प्रोग्राम बना रही हैं तो आपको पहले अपॉयंटमेंट लेनी होगी।

Saturday, February 23, 2013

चांद उतर आया है जमीं पर


चांद उतर आया है जमीं पर 

वैडिंग सीज़न शुरू हो चुका है। अगर आपको अपने लिए वैडिंग ड्रैस खरीदनी है, जिससे आप दुल्हन के खास लिबास में बेहद खास दिख सकें, तो  हम आपकी मदद कर सकते हैं। इस साल दुल्हन की ड्रेसैज में काफी एक्सपैरीमैंट्स किए हैं। वैडिंग लहंगे की टैक्नीक ही ट्रैडीशनल है, लेकिन पैटर्न मॉडर्न हो गया है... 

शादी के दिन को परफैक्ट बनाने के लिए बहुत-सी तैयारियां की जाती हैं, पर किसी भी लड़की को सबसे ज्यादा खुशी मिलती है परफैक्ट ब्राइडल ड्रैस पहनने से। शादी की स्पैशल ड्रैस के लिए दुल्हन में बेहद क्रेज रहता है। हो भी क्यों न, शादी के दिन सब की नजरें दुल्हन पर ही तो होती हैं। खूबसूरत वैडिंग ड्रैस में दुल्हन जब लहराती हुई शादी के मंडप में आती है, तो उसका सौंदर्य देखकर ऐसा लगता है जैसे चांद धरती पर उतर आया हो और फेरों से पहले ही दुल्हे राजा जन्म-जन्मांतर तक का साथ निभाने की कसम खा लेते हैं। 

वैडिंग लुक कंटैम्परेरी हो गए हैं। इसके साथ ही ट्रैडीशनल एटायर में मॉडर्न लुक आ गया है। वैडिंग और रॉयल हो रही हैं और ब्राइडल ड्रैसेज में भी सैमी-रॉयल टच को अधिमान दिया जा रहा है। ड्रैस का कट, फैब्रिक, रंग, स्टाइल सब ऐसे होने चाहिए जो दुल्हन की खूबसूरती को चार चांद लगा दें और उसे स्टाइलिश भी दिखाएं। ब्राइडल ड्रैस के लिए अधिकतर लड़कियों की पहली पसंद लहंगा-चोली होती है क्योंकि यह ट्रैडीशनल ड्रैस है और स्मार्ट लुक देती है। शादी और संगीत के हिसाब से अलग-अलग लहंगे डिजाइन किए जा रहे हैं। शादी पर रॉयल लहंगे पसंद किए जा रहे हैं, जबकि संगीत में फंकी लुक को अधिमान दिया जा रहा है। शहर के शोरूम्स डिजाइनर लहंगों की लंबी रेंज से अटे पड़े है, जिनमें से आप लेटैस्ट ट्रैंड्स को फॉलो करते हुए अपनी पसंद का चयन कर सकती हैं।

बाऊंसिंग कट्स 
वैडिंग लहंगे के कट्स अब ट्रैडीशनल नहीं रहे। स्लिम ट्रिम दुल्हन के लिए जहां फिश कट लहंगे खास हैं, वहीं हैल्दी गर्ल्स के लिए बारीक कलीदार लहंगे पसंद किए जा रहे हैं। फिश कट लहंगे ऊपर से घेर और बीच में फिटिंग लिए हुए होते हैं। इस लहंगे में बॉटम घेरदार और नैरो बॉटम डिजाइंस रख सकते हैं। पहले कलियां (घेरा) कम रहती थीं, अब बढ़ रही हैं और ऊपर से नैरो और नीचे से ब्रोड कट्स और बहुत ज्यादा बाऊंसिंग कट्स वाले लहंगे चलन में हैं। लहंगे के निचले हिस्से को फ्रील करना फैशन में है। कम हाइट वाली लड़कियों के लिए बारीक कलीदार लहंगे और ए लाइन लहंगे चलन में हैं। ये दुल्हन को अच्छा बॉडी फ्लो देते हैं। दुल्हन के सोबर लुक के लिए सिम्पल एंब्रेला कट लहंगे भी पसंद किए जा रहे हैं। 

मिक्स मैच कलर
ब्राइडल वियर में कलर का खास कलैक्शन बाजार में दिखाई दे रहा है। ब्राइडल ड्रैस में मिक्स मैच कलर कॉम्बिनेशन ज्यादा पसंद किया जा रहा है, जिसमें टोन टू टोन डार्क और लाइट कलर्स मिक्स हैं। इनमें ट्रैडीशनल कलर्स के साथ इंगलिश कलर कॉम्बिनेशन भी खूब लुभा रहा है। गोरी लड़कियों के लिए गोल्डन रंग काफी लुभावना रहता है, वहीं मोव, पिंक विद पर्ल कलर, एमरीन ग्रीन कलर की भी काफी मांग है। सांवली लड़कियों के लिए शैंपेन और वाइन कलर भी पसंद किया जा रहा है। आम तौर पर ब्ल्यू या नेवी ब्ल्यू कलर दुल्हन नहीं पहनती, लेकिन पिंक कलर के साथ नेवी ब्ल्यू कलर में वैडिंग ड्रैस काफी आकर्षक दिखती है।

फैब्रिक का अंदाज
ब्राइडल ड्रैस में कपड़े का भी खास ध्यान रखा जा रहा है। क्रेप, जमावार, नैट, टिश्यू, वैलवैट, ब्रॉकेड, जॉर्जैट, जेक्वार्ड, सिमर शिफॉन, सिमर जॉर्जैट के साथ बनारसी व सिल्क में लहंगे काफी पसंद किए जा रहे हैं। अनारकली, लहंगा और गाऊन को फ्लो देने के लिए शिफॉन और सैटिन सिल्क का इस्तेमाल किया जा सकता है। जबकि ब्रॉकेड को लहंगा, ब्लाऊका, दुपट्टा, कलीदार और यहां तक कि जैकेट में भी रॉयल टच देने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। 

ट्रैंडी कुर्ती 
ब्लाउज के कट्स पर भी खूब एक्सपेरिमेंट्स किए जा रहे हैं। वेल फिटेड कंटेंपरेरी कट्स के ब्लाउज मॉडर्न इंडियन ब्राइड के लिए परफैक्ट हैं। इस बार लहंगे के साथ लॉन्ग कोट स्टाइलकुर्ती भी फैशन में है। फुल कुर्ती के साथ बैकलैस क्रॉस डोरी स्पैशल लुक देती  है। अंगरखा चोली भी ट्रैंडी लुक देती है। मौसम के अनुसार 3/4 स्लीव का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। लहंगे के लिए फैब्रिक का चयन इस बात पर भी निर्भर करता है कि दुल्हन पतली है या मोटी। यदि दुल्हन पतली है तो वह वैलवेट के लहंगे को भी बढिय़ा तरीके से कैरी कर सकती है, जबकि मोटी दुल्हन के लिए नैट का लहंगा बढिय़ा च्वाइस रहेगा। 

स्टाइलिश वर्क
एंब्रॉयडरी के लिए ट्रैडीशनल फील को ज्यादा इस्तेमाल किया जा रहा है। गोटापत्ती, जरदोजी, सैमी-प्रैशियस स्टोन वर्क, डायमंड वर्क, एक्लीप्स, थ्रैड वर्क और वैलवैट वर्क काफी पसंद किया जा रहा है। लहंगे की एंब्रॉयडरी को लेकर कई नए एक्सपैरीमैंट्स किए जा रहे हैं। कहीं पूरे लहंगे में एक ही बूटे को हाईलाइट किया जा रहा है। कोलकाता वर्क और हैवी वर्क को भी लहंगों पर पहल दी जा रही है, जिससे दुल्हन खास लिबास में बेहद खास दिख सके।

डिफरैंट दुपट्टे 
आजकल दुपट्टे खूब बड़े और चौड़े आ रहे हैं। इनकी लंबाई कम से कम तीन मीटर तक होती है। कंट्रास्ट रंगों के दुपट्टे लहंगे को वॉल्यूम और रॉयल लुक देते हैं। इन दुपट्टों पर हैवी वर्क व एंब्रायडरी भी की होती है। दुपट्टे को आप अपनी ड्रैस के साथ अलग-अलग स्टाइल में ओढ़कर डिफरैंट लुक पा सकती हैं। 

ध्यान रखिए
  • भारतीय शादी में रस्में कई घंटे चलती हैं इसलिए ब्राइडल ड्रैस खरीदते समय कंफर्ट को अनदेखा न करें। 
  • लहंगा हमेशा अपने बॉडी टाइप और कलर टोन के अनुसार ही खरीदें। 
  • लहंगे का रंग लाल या मैरुन से अलग चुनें, ताकि शादी के बाद भी फॉर्मल अवसरों पर इसे पहना जा सके। 
  • वजन के कारण लहंगा दुल्हन पर भारी न पड़े, इसलिए  शिफॉन और जॉर्जट जैसे फैब्रिक्स का इस्तेमाल करें। 
  • दुबली लड़कियों को लहंगा नाभि से थोड़ा ऊपर बांधना चाहिए, जिससे कव्र्ज नजर आएंगे और आप खूबसूरत दिखेंगी। मोटी लड़कियों को लहंगा नाभि से कुछ नीचे बांधना चाहिए।